
नदबई-खेरली सड़क मार्ग पर गुरुवार रात को अज्ञात वाहन ने बाइक सवार फोटोग्राफर को टक्कर मार दी। घटना में फोटोग्राफर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल फोटोग्राफर को उपचार के लिए 108 एंबुलेंस की सहायता से उपचार के लिए राजकीय उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसा उस समय हुआ, जब फोटोग्राफर उमेश अपने कार्य के बाद खेरली से अपने गांव हनुमान का नगला लौट रहे थे।
बाइक सवार खेरली से अपने गांव जा रहा था
एंबुलेंस कर्मी रामकुमार चौधरी ने बताया कि, गांव हनुमान का नगला कुम्हेर निवासी उमेश (32) पुत्र बाबूलाल अपनी बाइक पर खेरली से अपने गांव जा रहा था। तभी नदबई खेरली सड़क मार्ग पर अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को तेज रफ्तार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि, उमेश बाइक से सड़क पर जा गिरा। सड़क पर घायलावस्था में पड़ा देख राहगीरों की भीड़ लग गई। राहगीरों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस तुरंत मौके पर पहुंची।
हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर
कंपाउंडर सीताराम प्रजापत ने बताया कि, 108 एंबुलेंस से घायल उमेश को तुरंत राजकीय उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने घायल की हालत गंभीर देखते हुए उसका प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार उमेश को कई गंभीर चोटें आई हैं। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की।