
नगर पालिका प्रशासन की लापरवाही के चलते खुले पड़े नाले हादसों का कारण बन रहे हैं। इन नालों को समय पर ढकवाने के लिए प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है, जिसके चलते पशुओं और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को महरमपुर रोड पर स्थित एक खुले नाले में एक नंदी गिर गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, नंदी करीब एक घंटे तक नाले में फंसा रहा। जैसे ही लोगों को घटना की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत गौ सेवकों की टीम को सूचना दी। सूचना मिलते ही गौ सेवक टीम मौके पर पहुंची और नंदी को नाले से बाहर निकालना शुरू किया।
गौ सेवकों ने नंदी को निकाला बाहर
गौ सेवक टीम ने मौके पर पहुंचकर नंदी को सुरक्षित निकालने के लिए जेसीबी और रस्सियों की मदद ली। लगभग 1 घंटे की मशक्कत के बाद नंदी को सकुशल नाले से बाहर निकाला गया। इस दौरान आसपास बड़ी संख्या में लोगों इकठ्ठा हो गए।
पालिका प्रशासन की लापरवाही से लोग परेशान
लोगों का कहना है कि, खुले नालों की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन प्रशासन इसे लेकर गंभीर नहीं है। लोगों का कहना है कि, यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी खुले नालों में जानवरों के गिरने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। बावजूद इसके, प्रशासन की ओर से कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है।