
इस साल अक्टूबर तक सर्दियों का कोई नामोनिशान नहीं था। तापमान सामान्य से अधिक बना रहा और लोगों को सर्दी का एहसास नहीं हुआ। लेकिन अब जैसे ही नवंबर का आधा महीना खत्म होने लगा है तो, धीरे–धीरे ठंड रफ्तार पकड़ने लगी है। नदबई शहर में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। वहीं रविवार शाम और सोमवार सुबह चारों ओर धुंध भी दिखाई देने लगी है। साथ ही ठंडी हवाएं भी चलने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार, तापमान में धीरे-धीरे और कमी आ सकती है, और आने वाले दिनों में ठंड का प्रभाव बढ़ने की उम्मीद है।
नदबई क्षेत्र के दिन के तापमान की बात करें तो, आज का सुबह 8 बजे 13 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम में हुए अचानक बदलाव से लोग भी सतर्क हो गए हैं और गर्म कपड़े पहनना शुरू कर दिया है। सुबह और शाम के समय अब हल्के जैकेट पहनने वाले लोगों की संख्या में इजाफा हुआ है। खासकर वृद्धजन और बच्चे विशेष रूप से सर्दी से बचने के लिए एहतियात बरत रहे हैं। बाजारों में भी सर्दियों के कपड़े और गर्म पेय पदार्थों की मांग बढ़ने लगी है।मौसम विभाग के विशेषज्ञों का कहना है कि इस साल सर्दियों थोड़ी देरी से शुरू हुई है, लेकिन अब तापमान में निरंतर गिरावट देखने को मिल सकती है। इस बदलाव के कारण डॉक्टरों ने लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की सलाह दी है, ताकि ठंड के कारण होने वाली बीमारियों से बचा जा सके।