
नदबई क्षेत्र के गांव महरमपुर में रविवार रात को खेत में रखी 9 बीघा की कड़बी में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग की घटना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने जब खेत से आग की लपटें उठती देखी, तो तुरंत ग्रामीण खेतों की ओर दौड़े चले गए। इस बीच, ग्रामीणों ने भी बाल्टियों और अन्य साधनों की मदद से आग को फैलने से रोकने की कोशिश की। लेकिन ग्रामीणों को सफलता नहीं मिली।
दमकल कर्मी कमल चौधरी ने बताया कि, गांव महरमपुर के रहने वाले फूलसिंह मीणा की 9 बीघा की कड़बी खेत में रखी हुई थी। जिसमें रविवार रात को आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि, इसकी लपटें दूर से दिखाई दे रही थी। ग्रामीणों ने आग की सूचना दमकल विभाग को दी। घटना की सूचना मिलते ही नदबई नगर पालिका की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग इतनी भीषण थी कि दमकलकर्मियों को आग पर काबू पाने में कई घंटे लगे। इस बीच, ग्रामीणों ने भी बाल्टियों और अन्य साधनों की मदद से आग को फैलने से रोकने की कोशिश की। अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। इस आग से खेत में रखी सारी कड़बी जलकर खाक हो गई। हालांकि, समय पर दमकलकर्मियों के प्रयासों से आग को आसपास के खेतों में फैलने से रोक लिया गया। आग लगने से पीड़ित किसान का हजारों का नुकसान होना बताया जा रहा है।