
नेशनल हाईवे 21 पर गांव अरौदा के पास शुक्रवार तड़के एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। हादसे में कार में सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल युवकों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
108 एंबुलेंस के कर्मी हरिकिशन ने बताया कि हादसा सुबह करीब 4 बजे हुआ। कार जयपुर की ओर जा रही थी। तेज रफ्तार के कारण चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे कार डिवाइडर से टकराई और पलट गई। हादसे में कार सवार नदबई निवासी राहुल (30) पुत्र रोशनलाल और गौरव (25) पुत्र परसराम गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही डहरा पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस ईएमटी रवि कुमार ने बताया कि, घायलों को तुरंत उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के समय मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने कार में फंसे दोनों युवकों को बाहर निकालने में एंबुलेंस कर्मियों की सहायता की। फिलहाल, दोनो घायल युवकों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।