
नदबई कस्बे की पंजाबी कॉलोनी स्थित गुरुद्वारा नानक दरबार में गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में बड़े धूमधाम और श्रद्धा के साथ धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारा को रंग-बिरंगी रोशनी, फूलों से सजाया गया है।
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्यों के अनुसार, गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व 15 नवंबर को मनाया जाएगा। पर्व के अवसर पर गुरुद्वारे में 2 दिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसकी शुरुआत आज शाम 7:30 बजे से संध्या फेरी के साथ होगी। संध्या फेरी को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, और संगत में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
ये होंगे कार्यक्रम
ग्रंथी भाई हरबंस सिंह खालसा के अनुसार, कल 15 नवंबर को सुबह 8 बजे से गुरुद्वारे में सुखमनी साहिब जी के पाठ का आयोजन होगा, जो 9:30 बजे तक चलेगा। इसके बाद 9:30 बजे से 11 बजे तक कीर्तन दरबार का आयोजन होगा, जिसमें रागी जत्थे द्वारा गुरबाणी के मधुर कीर्तन प्रस्तुत किए जाएंगे। कीर्तन के पश्चात अरदास, बेनती और हुकमनामा के बाद अटूट लंगर का भी आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के समापन के बाद श्रद्धालुओं को लंगर का प्रसाद वितरित किया जाएगा।