
भरतपुर के उच्चैन थाना इलाके में दिन दहाड़े दो महिलाओं ने लाखों के गहने चोरी कर लिए, जब घर की महिलाएं घर पहुंची तो, उन्हें कमरों में सामान बिखरा हुआ मिला। जिसके बाद घटना का पता लगा। दोनों महिलाएं भिखारी का भेष रखकर घर पर आई थी। चोरी करने वाली महिलाएं सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई हैं।
मानसिंह ने बताया कि वह और उसका भतीजा बुगल निवासी खरेरा एक ही मकान में रहते हैं। बुधवार को गांव में चार महिलाएं भिखारी का भेष रखकर गांव में आई थी। महिलाओं ने गांव में घर-घर जाकर भीख मांगी। उसमें दो महिलाएं हमारे घर पर आ गई। दोनों महिलाओं ने घर चबूतरे पर बैठकर खाना खाया। काफी देर तक महिलाएं घर के चबूतरे पर बैठी रही।इसी दौरान घर की सभी महिलाएं नोहरे में नहाने और कपड़े धोने के लिए चली गई। तभी दोनों महिलाएं घर में घुस गई और दोनों के कमरों का ताला तोड़कर कमरों में घुस गई। जिसके बाद दोनों महिलाओं ने कमरे में रखे बक्से और अलमारी का ताला तोड़ा और उसमे रखे सारे जेवर चोरी कर लिए, महिलाओं ने जेवर निकलकर उसकी डिब्बियां घर की सीढ़ियों में फेंक दी। जब नहा कर अंगूरी देवी घर पहुंची तो, कमरों के ताले टूटे हुए थे। जिसके बाद उन्होंने मानसिंह और बुगल को घटना की सूचना दी। दोनों महिलाएं घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। चोरी का पता लगने के बाद ग्रामीणों ने महिलाओं को गांव में ढूंढा लेकिन, उनका कुछ पता नहीं लगा। जिसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
महिलाएं मानसिंह के कमरे से डेढ़ तोला बिजली, 5 ग्राम की अंगूठी, 2 तोला की लर, डेढ़ किलो चांदी के गहने, 2 तोला की झूमर, डेढ़ तोला के झाले चोरी कर लिए, इन गहनों में मानसिंह की बेटी के गहने भी थे। मानसिंह की बेटी घर आई हुई थी। वहीं बुगल सिंह के घर से 6 अंगूठी, 1 लर, 2 झाले, 4 फोटकी, 5 जोड़ी पायल और 10 हजार रुपये केश चोरी कर लिए।