
नदबई– कुम्हेर सड़क मार्ग पर गांव भटावली के समीप बुधवार रात को दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई, जिसमें एक बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब दोनों युवक अपनी बाइक से गांव गांगरौली से भटावली की ओर जा रहे थे। दोनो युवक चूड़ी बेचने का काम करते हैं। दोनो घायल युवकों को एंबुलेंस की सहायता से उपचार के लिए राजकीय उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एंबुलेंस कर्मी रामकुमार चौधरी ने बताया कि, फिरोजाबाद के रहने वाले इस्लाम(25) और नवाब(22) बाइक पर गांव गांगरौली से भटावली गांव की ओर जा रहे थे। जहां नदबई कुम्हेर सड़क मार्ग पर गांव भटावली के पास दोनो बाइकों में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचित किया। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। जिसके बाद घायलों को एंबुलेंस की सहायता से राजकीय उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। कंपाउंडर विष्णु शर्मा ने बताया कि, डॉक्टरों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया, जिसमें से घायल इस्लाम की हालत गंभीर होने के कारण उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।