
धौलपुर के मनिया कस्बे में दुवाटी रोड पर बीती रात घर से कस्बे में जा रहे 35 साल के युवक को बाइक सवार दो बदमाशों ने पीछे से गोली मार दी। पैर में गोली लगने से युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया है। गोली की आवाज से बाजार में दहशत फैल गई। घायल युवक को परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।घायल जयप्रकाश पुत्र खिल्लू निवासी धर्मपुरा हाल निवास मनिया शानिवार रात को घर से मनिया बाजार की तरफ जा रहा था। पीछे से बाइक सवार दो बदमाशों ने घात लगाकर गोली मार दी। युवक के पैर में दो गोली लगने से युवक घटनास्थल पर ही गिर गया। फायरिंग से आसपास दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने पुलिस को सूचित कर घायल युवक को जिला अस्पताल भर्ती कराया। जिला अस्पताल के मेल सर्जिकल वार्ड में युवक का उपचार किया जा रहा है। उधर, सूत्रों से मिली जानकारी में मामला पुरानी रंजिश का बताया जा रहा है। पुरानी दुश्मनी को लेकर युवक पर जानलेवा हमला किया है। जिला अस्पताल चौकी इंचार्ज एएसआई प्रेम सिंह ने बताया मनिया कस्बे में बीती रात एक युवक पर हमला किया है। युवक पर फायरिंग की गई है। पैर में गन शॉट लगने से युवक घायल हुआ है।