
नदबई के गांव खेड़ी देवी सिंह में अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए सोने–चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर फरार हो गए। पीड़ित मकान मालिक और उसकी पत्नी घर के पास बनी डेयरी में गए थे। पीछे से चोरों ने मकान को सूना देख चोरी की वारदात को अंजाम दिया। जिसके बाद पीड़ित ने नदबई थाने में मामला दर्ज कराया है।
पुलिस के अनुसार गांव खेड़ी देवी सिंह निवासी गम्भीरसिह पुत्र कबूलसिह जाट ने मामला दर्ज कराया है कि, बुधवार को शाम करीब 4 से 6 बजे के करीब पीड़ित और उसकी पत्नी अपने मकान से कुछ दूर खेत में बनी डेयरी में गए थे। पीछे से अज्ञात चोरों ने मकान को सूना देख चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने मकान में रखे संदूक से सोने के 1 नथ टीका कुन्डल, 1 लर ओम और 2 अंगूठी, चांदी की 1 कौधनी, 3 जोडी तोडीया सहित कई चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए। साथ ही चोरों ने 47 हजार रुपय नकद भी चोरी कर लिए। पीड़ित ने बताया कि, जब वह घर आया तो सामान बिखरा हुआ मिला, सामान बिखरा देख पीड़ित के होश उड़ गए। पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच पड़ताल की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।