
सड़क किनारे बनी पानी की टंकी पर पानी पी रहे 10 साल के बच्चे को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे बच्चे की मौत हो गई। घटना को देख मौके पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ लग गई। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल कर शव को कब्जे में लेकर राजकीय उप जिला अस्पताल में मोर्चरी में रखवाया। घटना नदबई जनूथर सड़क मार्ग पर गांव ऐंचैरा और उसेर के बीच रविवार शाम करीब 4:30 बजे की है।
मृतक के पिता महेश के अनुसार, उसका बेटा सूरज(10) शाम को करीब 4:30 बजे गांव में सड़क किनारे बनी पानी की टंकी पर पानी पीने गया था। इसी दौरान नदबई की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर दौड़े। लोगों ने तुरंत बच्चे को निजी वाहन की मदद से राजकीय उप जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने जांच पड़ताल कर सूरज को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजकीय उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सड़क पर वाहनों की तेज रफ्तार के कारण पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।
मृतक के पिता ने बताया कि, सूरज 6th क्लास में पढ़ता था। सूरज परिवार में सबका चहेता था। इस हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।