
नदबई में रविवार को श्रद्धा और आस्था के साथ आंवला नवमी का पर्व मनाया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने आंवले के पेड़ की परिक्रमा कर पूजा-अर्चना की और अपने परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
कस्बे के विभिन्न मंदिरों और आंवला वृक्ष के आस-पास के स्थानों पर विशेष आयोजन किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया। महिलाओं ने आंवले के वृक्ष के पास रंगोली बनाई और दीप जलाए। मान्यता है कि इस दिन आंवले के वृक्ष की पूजा करने से परिवार में सुख-समृद्धि बनी रहती है और सभी प्रकार के कष्ट दूर होते हैं।
पड़तानी ऋचा शर्मा ने उपस्थित महिलाओं को आंवला नवमी के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा आंवला नवमी का हिंदू धर्म में विशेष महत्व है। इसे अक्षय नवमी भी कहा जाता है और यह पर्व कार्तिक शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को मनाया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन आंवले के पेड़ की पूजा करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है और परिवार में सुख-समृद्धि, शांति और स्वास्थ्य बना रहता है।