
दिवाली मनाने के बाद अब लोग मकानों की तरफ लौटने लगे हैं। जिसकी वजह से नेशनल हाईवे से लेकर यमुना एक्सप्रेस वे तक पर जाम की स्थिति बनी हुई है। यमुना एक्सप्रेस वे पर तो सोमवार को आम दिनों के मुकाबले वाहनों की संख्या में कई गुना इजाफा हो गया। जिसके कारण टोल पर वाहनों की लंबी लाइन लगी नजर आई। टोल प्लाजा से निकलने में वाहनों चालकों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा।
यमुना एक्सप्रेस वे पर वैसे तो दोनों तरफ के रोड पर वाहनों की संख्या आम दिनों के मुकाबले ज्यादा थी। लेकिन आगरा से नोएडा जाने वाले रोड पर वाहन अत्यधिक संख्या में देखने को मिले। इनमें सबसे ज्यादा संख्या 4 पहिया वाहनों की थी। 90 प्रतिशत वाहन चालक दिल्ली नोएडा में नौकरी, व्यापार करने वाले थे।
यमुना एक्सप्रेस वे पर आम दिनों में 15 से 20 हजार वाहन गुजरते हैं। लेकिन रविवार दोपहर बाद से इनकी संख्या में तेजी से इजाफा हुआ। यहां आम दिनों के मुकाबले वाहनों की संख्या में ढाई गुना तक बढ़ोत्तरी हुई है। यहां पिछले 24 घंटे में 50 हजार से ज्यादा वाहन गुजरे।
दिवाली की छुट्टी खत्म कर घर लौट रहे लोगों के वाहनों की वजह से एक्सप्रेस वे के टोल प्लाजा पर लंबी लाइन लगी दिखाई दी। करीब एक किमी लंबी लाइन लगी रही। यहां वाहन चालकों को टोल प्लाजा क्रॉस करने में आधा घंटे से ज्यादा का समय लग रहा था। जबकि आम दिनों में यहां से एक गाड़ी को क्रॉस होने में 6 सेकेंड का समय लगता है।