
नदबई– दीपावली का त्यौहार नजदीक है। दीपावली त्योहार को लेकर पालिका प्रशासन की ओर से शहर की सफाई व्यवस्था युद्ध स्तर पर की जा रही है। दीपावली को लेकर नगर पालिका द्वारा विशेष सफाई अभियान शुरू किया गया है। अभियान के तहत नाले-नालियों, सड़कों और गलियों में सफाई के साथ ही सड़क किनारे खड़ी झाड़ियों-घास आदि की कटाई और सफाई के साथ ही कूडे को तत्काल ही उठाने का काम किया गया। इसके लिए नगर पालिका प्रशासन ने अभियान की रूपरेखा बनाकर सभी सफाई कार्मिकों को निर्देश दिये।
गुरूवार को शहर के मुख्य बाजार, कॉलोनियों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। सफाई निरीक्षक बलवंत सिंह ने बताया कि सुबह से ही शहर के मैंन रोड़ों को पहले साफ किया जा रहा है। इसके बाद वार्डों में सफाई अभियान चलाया जाएगा। सफाई निरीक्षक बलवंत सिंह सफाई कर्मियों की टीमों को लेकर सड़कों पर उतरे नजर आये। सुबह सात बजे से सफाई कार्य प्रारम्भ किया गया, जो शाम तक चला।
इस दौरान गुरुवार को शहर के मैंन फाटक से हलैना रोड पर साफ सफाई कराई गई। जिसमें कर्मचारियों के द्वारा डिवाइडर, मुख्य मार्ग की सफाई, रोड के किनारे घास की कटिंग और नालियों से निकला कूड़ा तुरंत प्रभाव से गाड़ियों के माध्यम से उठाया गया। बलवंत सिंह का कहना है कि, दीपावली नजदीक है। सभी लोग अपने अपने घरों में सफाइयां कर अपने घरों को सुंदर और स्वक्ष बना रहे हैं। सभी लोगों से यही अपील है कि, शहर को भी साफ रखने की जिम्मेदारी हम सब की बनती है। सड़क पर जगह जगह कचरा ना फैलाएं। घरों से निकले कचरे को जगह जगह लगे कचरा पात्र में डालें।