
नदबई क्षेत्र में 2 अलग–अलग सड़क हादसों में 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए राजकीय उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिनमें से एक घायल की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दोनों घटनाएं मंगलवार रात की हैं।
नदबई खेरली सड़क मार्ग पर गांव कोल्हूपुरा गांव के पास बाइक के सामने अचानक गोवंश आने से बाइक अनियंत्रित हो गई। जिससे बाइक सवार 2 व्यक्ति बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना को देख आसपास ग्रामीणों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना पर 108 एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए राजकीय उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। एंबुलेंस कर्मी रामकुमार चौधरी ने बताया कि, रामनिवास (45) और पप्पू (45) बाइक पर सवार होकर नदबई से खेरली जा रहे थे। इसी दौरान नदबई खेरली सड़क मार्ग पर गांव कोल्हूपुरा के पास बाइक से सामने अचानक गोवंश आने से हादसा हो गया। कंपाउंडर विष्णु शर्मा ने बताया कि, घायल रामनिवास की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रामनिवास के सिर में चोट आई है।
इसी तरह नदबई डहरा सड़क मार्ग पर कृषि उपज मंडी के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। जानकारी के अनुसार गांव रायसीस निवासी रोहितास (19) और सुभाष(24) बाइक से अपने गांव रायसीस जा रहा थे। इसी दौरान नदबई डहरा सड़क मार्ग पर कृषि उपज मंडी के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार दोनों युवक बाइक से गिरकर घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए राजकीय उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने घायलों का इलाज कर छुट्टी दे दी।